देहरादून। उत्तराखण्ड शासन ने जनपद उत्तरकाशी निवासी लक्ष्मण सिंह भण्डारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शासन के मंत्रिपरिषद अनुभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उन्हें ‘उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग’ में उपाध्यक्ष के पद पर नामित किया गया है।
मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से जारी आदेश संख्या 587 (1)/14/1/1/XXI/2026 के अनुसार भण्डारी की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
आदेश पर संयुक्त सचिव आलोक कुमार सिंह के हस्ताक्षर हैं। शासनादेश में कहा गया है कि श्री भण्डारी को मंत्रिपरिषद विभाग के कार्यालय ज्ञाप संख्या-205/14/1/XXI/2022 दिनांक 25 अप्रैल 2025 में उल्लिखित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिसका व्यय भार संबंधित विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
साथ ही उनके कर्तव्य, दायित्वों, अधिकारों एवं सेवा अवधि के संबंध में संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा पृथक से आदेश निर्गत किए जाएंगे।
बतादें कि लक्ष्मण सिंह भण्डारी पुत्र स्व. बचन सिंह भण्डारी, ग्राम जुणगा, तहसील डुण्डा, जनपद उत्तरकाशी के निवासी हैं। उनके मनोनयन पर समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
लक्ष्मण सिंह भंडारी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठन के विभिन्न पदों में रह चुके हैं।
उपाध्यक्ष ओबीसी आयोग राज्य मंत्री बनेने पर भंडारी ने शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री का आभार जताया और बताया कि वह जनता के सुख दुख और जनहित के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।

