बड़कोट (उत्तरकाशी)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बड़कोट तहसील में स्थानीय प्रशासन की ओर से चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद आंदोलनकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं आंदोलनकारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और अनेक आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण के इस ऐतिहासिक संघर्ष को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
इसके पश्चात स्थानीय प्रशासन ने चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आंदोलनकारियों ने राज्य निर्माण के संघर्ष के दौरान के अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और राज्य आंदोलन की भावनाओं के अनुरूप विकास की दिशा में अभी और प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेनू सैनी, खंड विकास अधिकारी नरेश चंद, नायब तहसीलदार खजान असवाल, आईटीआई प्रधानाचार्य हरि प्रसाद सेमवाल सहित वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी विशलमणि रतूड़ी, जयेंद्र सिंह रावत, कुंवर सिंह, रामप्रसाद, वासुदेव डिमरी, गणेश रमोला, परशुराम जगूड़ी, राधेकृष्ण सेमवाल, नरोत्तम सेमवाल, नागेंद्र गौड़, प्रकाश चौहान सहित दर्जनों राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन खजान रावत ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।

