बड़कोट। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बड़कोट नगर को दो नई विकास सौगातें मिलीं। नगर पालिका क्षेत्र में करीब 82 लाख रुपये की लागत से निर्मित रजत जयंती पार्क और 95 लाख रुपये की लागत से तहसील से तिलाड़ी मोटर मार्ग तक बने 350 मीटर लंबे सड़क मार्ग का सोमवार को विधिवत लोकार्पण किया गया।
यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार और नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने संयुक्त रूप से दोनों विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बड़कोट की ओर से वार्ड संख्या छह और सात के मध्य नवनिर्मित रजत जयंती पार्क में लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने अपने कार्यकाल की विकास योजनाओं को गिनाया तथा राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों को क्षेत्र की सुविधाओं और जनसुविधाओं से जोड़ने की बात कही। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने नवनिर्मित पार्क और सड़क को नगरवासियों के लिए उपयोगी बताते हुए इनके निर्माण को नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, साथ ही उन्होंने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गान के साथ हुआ। इस दौरान लोक गायक सुंदर प्रेमी और राज सावन ने अपने लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे और उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत, अधिशासी अधिकारी शिवानी रावत, अवर अभियंता कुलदीप राणा, योगिता डोभाल, विशालमणि रतूड़ी, जयेंद्र रावत, अब्बल चंद कुमाईं, कपिल देव रावत, व्यापार मंडल महामंत्री सोहन गैरोला, जगमोहन राणा, राघवानंद बहुगुणा सहित नगर पालिका के सभासद, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सकल चंद ने किया।

