बड़कोट।पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज खरादी में होटलों की सीवरेज लाइन खुले में होकर गुजरने तथा गंदे पानी को नाले के माध्यम से यमुना नदी में छोड़े जाने के आरोपों को लेकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन में भारी आक्रोश व्याप्त है। कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है।
जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज खरादी परिसर के पास कई होटलों की सीवरेज लाइन खुले में बिछी हुई है। जगह-जगह लाइन से रिसाव होने के कारण पूरे परिसर में गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, आरोप है कि यही दूषित पानी समीप के खड्ड के माध्यम से यमुना नदी में मिल रहा है, जिससे नदी के प्रदूषित होने का खतरा भी बढ़ गया है।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावक संघ ने इस गंभीर समस्या को लेकर 23 जनवरी को आयोजित जन शिकायत शिविर में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। जिलाधिकारी ने उस समय संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। इसके अतिरिक्त उपजिलाधिकारी बड़कोट को भी कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
अभिभावक संजय रावत, जनक सिंह, सोबेन्द्र सिंह, गुरुदेव चौहान, नरेश रावत, कैलाश राणा और सुमन भारती सहित अन्य लोगों का कहना है कि कॉलेज परिसर में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों का स्वास्थ्य इस लापरवाही से प्रभावित हो रहा है। खुले सीवर और लगातार फैल रही दुर्गंध के कारण कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटलों का दूषित पानी सीधे यमुना नदी तक पहुंच रहा है, जो पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन राणा ने बताया कि कॉलेज परिसर से होकर कई होटलों की सीवरेज लाइन गुजर रही है। लाइन के खुले होने और रिसाव के कारण गंदगी व दुर्गंध की समस्या लगातार बनी हुई है। होटल संचालकों को कई बार सीवरेज लाइन हटाने के लिए कहा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है।
वहीं, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जिन होटल व्यवसायियों की सीवरेज लाइन इंटर कॉलेज परिसर से होकर गुजर रही होगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

