उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में हाल ही में निर्वाचित हुए ग्राम पंचायतों के उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 3 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से 31 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, शासन एवं राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचनाओं के क्रम में उप-प्रधानों का निर्वाचन संपन्न हो चुका है तथा 15 जुलाई को परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इसके उपरांत पंचायतीराज निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी नवनिर्वाचित उप-प्रधानों को 3 अगस्त 2026 को विधिवत शपथ दिलाई जाएगी।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज नियमावली, 1994 (उत्तराखंड में यथावत प्रवृत्त) के प्रावधानों के तहत संबंधित खंड विकास अधिकारी शपथ ग्रहण कराने के लिए सक्षम अधिकारी नामित करेंगे। शपथ ग्रहण स्थल पर जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुरूप बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त प्रांत पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा 12(ड)(1) के अनुसार यदि कोई निर्वाचित उप-प्रधान निर्धारित प्रारूप में शपथ लेने अथवा प्रतिज्ञान करने और उस पर हस्ताक्षर करने से इंकार करता है, तो इसे उसके द्वारा तत्काल पद रिक्त करने के समान माना जाएगा।
सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शपथ ग्रहण की तिथि, समय और स्थान की सूचना संबंधित निर्वाचित उप-प्रधानों को पूर्व में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शपथ ग्रहण के उपरांत हस्ताक्षरयुक्त शपथ-पत्रों की जांच कर उनकी प्रतियां जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय तथा जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाए।

