https://www.facebook.com/share/v/19NnFos9XK/
सुनील थपलियाल
बड़कोट, उत्तरकाशी।
लगातार हो रही बारिश के बीच यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से एक बार फिर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। नदी के तेज बहाव के चलते कस्बे के निचले हिस्से में स्थित एक मंजिल पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीण जयपाल सिंह ने बताया कि यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और एक मंजिल पूरी तरह पानी में डूब चुकी है। उनका कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो कस्बे के अन्य हिस्सों पर भी खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2025 में स्यानाचट्टी में झील बनने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया था। उस समय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए स्थायी सुरक्षात्मक कार्य और प्रभावी इंतजाम किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक आवश्यक सुरक्षा कार्य धरातल पर नजर नहीं आए हैं।
जयपाल सिंह ने कहा कि हर बरसात के मौसम में स्यानाचट्टी के लोगों को भय के साये में जीवन बिताना पड़ता है। नदी का बढ़ता कटाव और जलस्तर लगातार कस्बे के अस्तित्व के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से तत्काल प्रभावी सुरक्षा कार्य शुरू करने, तटबंधों को मजबूत करने तथा स्थायी आपदा सुरक्षा योजना लागू करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जन-धन की बड़ी हानि हो सकती है। ग्रामीणों ने सरकार से स्यानाचट्टी कस्बे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

