बड़कोट । उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर भाजपा नेत्री श्रीमती शारदा राणा के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद पहली बार यमुनाघाटी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष हरिमोहन चंद तथा अन्य निर्वाचित निदेशकों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके नेतृत्व में बैंक के विकास और जनहित में बेहतर कार्य होने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सतेंद्र राणा ने उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने सहकारिता के क्षेत्र में समर्पित और अनुभवी नेतृत्व को जिम्मेदारी देकर प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीमती शारदा राणा के नेतृत्व में उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक किसानों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के हित में नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा राणा ने स्वागत से अभिभूत होकर सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बैंक की प्राथमिकता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा।
स्वागत समारोह में भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जगूड़ी, मण्डल अध्यक्ष अमित रावत,जशोदा राणा,रमेश रावत, शरत चौहान, अतुल सिंह,नीरज चौहान, प्रवीन रावत, संदीप असवाल, राजेश सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।

