उत्तरकाशी। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों पर जनपद की समस्त चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों में 27 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान-6 के तहत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा संकल्प के तहत विशेष अभियान-6 पूरे जनपद में 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को सभी अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एक साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा।
CMO डॉ. श्याम विजय ने सभी प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान में क्या होगा ।
अभियान के तहत अस्पतालों के ओपीडी, वार्ड, शौचालय, प्रतीक्षालय और पूरे परिसर की गहन साफ-सफाई की जाएगी। मरीजों के आवागमन वाले रास्तों को स्वच्छ रखा जाएगा। बायोमेडिकल कचरे का नियमानुसार पृथक्करण और सुरक्षित निस्तारण, सैनिटाइजेशन, हैंड हाइजीन को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक करना और अस्पताल परिसर से कबाड़ व अनुपयोगी सामान हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगी पुरानी IEC सामग्री हटाकर नई सामग्री लगाई जाएगी। पारदर्शिता के लिए सफाई से पहले और बाद की जियो-टैग फोटो लेना अनिवार्य किया गया है।
CMO ने सभी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ इकाइयों का स्वयं पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

