बड़कोट। नगर पालिका बड़कोट में वाल्मीकि समाज की ओर से महर्षि वाल्मीकि जयंती दो दिवसीय कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई। पहले दिन प्रसाद वितरण किया गया, जबकि मंगलवार को नगर में भगवान वाल्मीकि सहित विभिन्न देवी-देवताओं की भव्य धार्मिक झांकी निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली झांकी का नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत किया।
झांकी का शुभारंभ नगर पालिकाध्यक्ष विनोद डोभाल और सभासदों ने संयुक्त रूप से किया। झांकी में भगवान वाल्मीकि, भगवान श्रीराम के परिवार, मां काली, हनुमान जी और राधा रानी के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। धार्मिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों का मन मोह लिया। झांकी नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम में सभासदों के अलावा मनोज कुमार, रंजीत सेलवान, सुंदर कुमार, दिनेश कुमार, सुदेश कुमार, मुकेश कुमार, सागर कुमार सहित वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे।

