नौगांव।यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बर्नीगाड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजमार्ग निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था का लोडिंग 10 टायरा डम्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डम्पर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त डम्पर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बर्नीगाड़ के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक चालक की पहचान हरजीत सिंह पुत्र जगत सिंह उम्र 40 वर्षीय निवासी डोडा जिला जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज भूपेंद्र रावत मय पुलिस बल, एसडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को खाई से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

