बड़कोट।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में सरकार के 5 वर्ष पूर्ण होने की उपलक्ष में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में आयोजित जनसेवा शिविर में दर्जा राज्यमंत्री श्याम डोभाल की उपस्थिति और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में कुल दर्ज 140 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही अधिकारियों की मौजूदगी में समाधान किया गया। शिविर में आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और कई पात्र लाभार्थियों विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
जिलाधिकारी के समक्ष क्षेत्रवासियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश…
प्रमुख समस्याओं में रमेश चन्द्र डोभाल द्वारा अपने भूलेख में अपने पैतृक नाम छूट जाने की समस्या दर्ज कराई जिस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर विभिन्न समस्याएं उठाई गई जिस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को योजना के अंतर्गत पात्रता,पंजीकरण,जियोटैगिंग सहित सभी पुख्ता जानकारी लोगों तक पहुंचने और पीएम आवास योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही करने के निर्देश दिये। भाटिया ग्राम में जल संस्थान के पानी के टैंक के सम्बन्ध में दर्ज शिकायत पर जिलाधिकारी ने ईई जल संस्थान को पुराने टैंक के कारण आ रही समस्या का निवारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आराधना नौटियाल द्वारा अपने मकान के नीचे की दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई जिस पर जिलाधिकारी द्वारा ईओ नगरपालिका बड़कोट को तत्काल दीवार बनाने के निर्देश दिए। ग्रामसभा डुख्याट गांव के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या दर्ज कराई की जल जीवन मिशन की लाईन बनने के बाद भी पानी नहीं आ रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने ईई पेयजल को तत्काल जल स्त्रोत का उपचार करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 67 और आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 95 लोगो का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गई। बाल विकास विभाग द्वारा 10 लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की। पशुपालन विभाग द्वारा 08 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। राजस्व विभाग द्वारा 110 , सहकारिता विभाग द्वारा 15, उद्यान विभाग द्वारा 18 किसानों को उद्यान कार्ड पंजीकरण, कृषि विभाग द्वारा 10, समाज कल्याण विभाग द्वारा 06, उद्योग विभाग द्वारा 10, डेरी विभाग द्वारा 20, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 17, विद्युत विभाग द्वारा 08 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर लाभान्वित किया गया। एनआरएलएम द्वारा 40, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 40, पंचायतीराज विभाग द्वारा 15 लोगों को लाभान्वित किया गया।जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 50 से अधिक लोगों को कानूनी सलाह, पेंशन व जन्म प्रमाण पत्र बनवाने सहित कानूनी ज्ञान माला वितरित की।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत यह जन शिविर जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम करने का माध्यम है। शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में अधिकतम शिकायतें प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित है जिसमें अंतिम सूची जारी होने के बाद कई लोगों के नाम नहीं आये है इसको लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र लोगों के सूची में नाम नहीं आये है वे संबंधित खंड विकास कार्यालय व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को पुनः आवेदन देकर अपना दोबारा सर्वे करा ले और यदि किसी अपात्र का नाम सूची में आया हैं तो उसकी सूचना अपनी ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जन शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में दर्जा राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जिला महामंत्री बीजेपी परशुराम जगूड़ी, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेणु सैनी, पीएलवी सुनील,महावीर, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पवार ,सिंचाई विभाग अधिशासी अभियंता पन्नीलाल, पीएमजीएसवाई अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ,वन विभाग एसडीओ साधूलाल सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी एस एल डोभाल, विद्युत विभाग एई अजय सेमवाल,अवर अभियंता मधुसूदन नौटियाल ,प्रताप रावत, शांति बेलवाल ,डॉ मनमोहन राणा, खंड विकास अधिकारी , खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

