पवाणी अग्निकांड प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, मुख्यमंत्री एवं आपदा मंत्री करेंगे पीड़ितों से मुलाक
उत्तरकाशी। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पुरोला विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल जी प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा एवं समस्याओं को सुना। विधायक ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इस भीषण अग्निकांड में 43 आवासीय भवन एवं 43 अन्न भंडार (कोठार) जलकर राख हो गए। इसके साथ ही अनेक गाय, भेड़, बकरियां, घोड़े एवं खच्चर भी आग की चपेट में आ गए, जिससे ग्रामीण परिवारों को भारी क्षति उठानी पड़ी। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, आपदा राहत किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने इस गंभीर घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संपर्क कर प्रभावित परिवारों की स्थिति, उनकी समस्याओं एवं हुए भारी नुकसान से अवगत कराया। विधायक के अनुरोध एवं संवाद के क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 26 नवंबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे ग्राम पंचायत पवाणी पहुँचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। साथ ही प्रदेश के आपदा प्रबंधन मंत्री श्री मदन कौशिक जी भी प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं एवं नुकसान की जानकारी लेंगे।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि इस दुःखद घटना से प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री एवं आपदा मंत्री के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, आवश्यक राहत सामग्री एवं पुनर्वास सहित हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमारी सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। सरकार और जनप्रतिनिधि इस कठिन समय में उनके साथ हैं। पीड़ित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई एवं उनके जीवन को पुनः सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्य जी, उपजिलाधिकारी पुरोला, ब्लॉक प्रमुख मोरी श्री रणदेव राणा जी, जिला पंचायत प्रतिनिधि श्री भगत सिंह रावत जी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री बच्चन पंवार जी सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

