उत्तरकाशी।सेवा संकल्प अभियान के तहत बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ में बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शिविर में प्रतिभाग किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर मे प्रतिभाग से पूर्व प्रभारी मंत्री ने इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया एवं जरूरी दस्तावेजों के बारे में बताया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथिक विभाग,आयुर्वेदिक विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की इस दौरान मधुमेह, ब्लड प्रेशर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गईं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने मत्स्य विभाग के एक विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्राकृतिक जलाशयों/नदियों में मत्स्य बीज संचयन और मत्स्य पालकों को मत्स्य बीज वितरण करने के उद्देश्य से रवाना किया गया है। यह पहल जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और स्थानीय मत्स्य पालकों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित सहायता प्रदान करने में सहायता करेगा।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के साथ सरकार सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दे रही है। पिछले अभियान में 1099 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, लखपति दीदी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा जनहित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वहीं राज्य में शीतकालीन पर्यटन, आदि कैलाश यात्रा और वेडिंग डेस्टिनेशन को बढ़ावा देकर रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल ‘जी भाई जी और रामकौशल सांस्कृतिक दल ने सांस्कृतिक गीतों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
शिविर में डेरी विकास विभाग के दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन कार्यक्रम में श्रीमती मंजू देवी को रू. 10 हजार, विनीता देवी को रू. 7 हजार, अशरफी देवी को रू. 5 हजार राशि के चेक दिए गए। उद्यान विभाग द्वारा उद्यान सचल दल के सियाराम को रू. 2.32 लाख, देवेंद्र सिंह को रू. 2.40 लाख, सुरेंद्र सिंह को रू. 2.40 लाख सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
जनपद में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में छह बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके नजदीक ही मिल सके।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, राम सुंदर नौटियाल, श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत, राजदीप परमार, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिला महामंत्री महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, प्रकाश चंद रमोला, मनीष कुकरेती, चंडी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

