उत्तरकाशी। जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी अध्यक्षा शारदा राणा ने अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ अपने कार्यालय में बैठक लेते हुए जानकारी दी है कि जिले के किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। बैंक के अध्यक्ष / प्रबंधन की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार बैंक अब केवल पारंपरिक ऋण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वरोजगार और पर्यटन से जुड़ी सभी योजनाओं में ऋण वितरण करेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबे समय से बंद पड़ी खरसाली बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति (PACS) को पुनः संचालित किया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैंक प्रबंधन में जिला सहकारी बैंक अध्यक्षा शारदा राणा ने बताया कि जनपद में 9 नई शाखाएं खोली जाएंगी और *सभी शाखाओं में ATM सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंकिंग सेवा सुगम हो सके।
100 करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण।
युवाओं, महिलाओं और किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बैंक 100 करोड़ रुपये तक का ऋण शून्य प्रतिशत (0%) ब्याज दर पर उपलब्ध कराएगा।
इन योजनाओं पर भी मिलेगा ऋण
पूर्व में बैंक जिन योजनाओं में ऋण नहीं देता था, अब उन सभी सरकारी स्वरोजगार योजनाओं पर भी ऋण दिया जाएगा। इसमें होमस्टे योजना, MSME, वाहन ऋण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजना
वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और सुविधा को देखते हुए बैंक भारत दर्शन और चारधाम यात्रा के लिए विशेष यात्रा ऋण भी उपलब्ध कराएगा।
महिलाओं के लिए बिना गारंटी ऋण
जनपद की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से “मातृशक्ति सशक्तिकरण योजना” शुरू की जा रही है। इसके तहत छोटे कारोबार शुरू करने वाली या कर रही महिलाओं को बिना किसी गारंटी के ऋण दिया जाएगा।
बैंक अधिकारियों ने कहा कि इन सभी योजनाओं का उद्देश्य जिले में पलायन रोकना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना और सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना है।

