बड़कोट। यमुना नदी क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह रावत ने तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी उत्तरकाशी को पत्र भेजकर मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को दिए पत्र में देवेंद्र सिंह रावत ने आरोप लगाया कि लंबे समय से यमुना नदी क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में निरीक्षण के दौरान क्रेशर प्लांट को सील करने की कार्रवाई की बात सामने आई थी, लेकिन इसके बावजूद गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्रेशर से संबंधित पट्टे की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई की जाए, ताकि नदी क्षेत्र और आसपास की कृषि भूमि को नुकसान से बचाया जा सके।
पत्र में खनन क्षेत्र की सीमा का स्पष्ट सीमांकन एवं बोर्ड लगाए जाने, अवैध खनन पर रोक लगाने, धूल एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने की मांग की गई है।
इसके अलावा निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही उत्पादन करने, खनिज के परिवहन एवं भंडारण में सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने, पानी का नियमित छिड़काव करने तथा क्रेशर से आने-जाने वाले खनिज और वाहनों का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करने की मांग भी की गई है।
भाजपा नेता ने देवेंद्र रावत ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर पर्यावरण, नदी और ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

