पुरोला।पृथक रवांई जनपद बनाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को पुरोला में न्यायपंचायत से एकत्रित जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने खेल मैदान से लेकर मुख्य बाजार तहसील प्रांगण तक विशाल जनरैली का आयोजन कर पृथक जनपद बनाने को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र पूर्व में घोषित जनपद निर्माण की मांग की।
महारैली में विभिन्न गांवों से प्रधान,क्षेत्र पंचायत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया जंहा भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के लोग बढ़चढ़ कर पृथक जनपद की मांग के लिए एकजुट सड़कों में उतरे।
संघर्ष समिति अध्यक्ष बलदेव असवाल व संयोजक प्रकाश कुमार डबराल के नेतृत्व में रवांई क्षेत्र को पृथक जनपद घोषित किए जाने की मांग को लेकर पुरोला नगर में आयोजित विशाल जनरैली निकालकर आक्रोश व्यक्त किया। रैली खेल मैदान से शुरू होकर नगर क्षेत्र के कुमोला रोड, मोरी रोड एवं मुख्य बाजार से होते हुए तहसील परिसर पहुंची।
रैली के दौरान लोगों ने पृथक रवांई जनपद के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी मुकेश चंद रमोला के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि रवांई क्षेत्र लंबे समय से भौगोलिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक उपेक्षा का सामना कर रहा है। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचना आम जनता के लिए कठिन साबित होता है। ज्ञापन में मोरी, पुरोला एवं नौगांव विकासखंडों को शामिल करते हुए पृथक रवांई जनपद के गठन की मांग की गई।
संघर्ष समिति के बलदेव असवाल व प्रकाश डबराल ने एकत्रित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पृथक जनपद बनने से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को जनसहभागिता से सड़क से विधानसभा तक संघर्ष करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद, श्वेता राजकुमार,पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पँवार,जयेंद्र रावत, बलदेव असवाल, प्रकाश कुमार, गोपाल चौहान, जगवीर रावत,जयेंद्र नेगी, सुरेंद्र देवजानी, गम्भीर सिंह चौहान, दिनेश उनियाल आदि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

