नौगांव। विकासखंड के अंतर्गत परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल (दिव्यांग छात्रावास) तुनाल्का में अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी, सहायक अभियंता सीताराम डोभाल, अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह एवं इंजीनियर इसांक कंसवाल का आगमन हुआ।
इस अवसर पर सभी ने विद्यालय के बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सहयोग स्वरूप एक वॉशिंग मशीन भेंट की। साथ ही बच्चों को फल वितरित कर उनके साथ खुशियों के कुछ पल साझा किए।
यह पहला अवसर नहीं है, जब इन सभी का स्नेह, सहयोग एवं सेवाभाव विद्यालय को प्राप्त हुआ है। समय-समय पर इनका सहयोग विद्यालय के दिव्यांग एवं सामान्य बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने तथा उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग बड़कोट के स्टाफ भी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने बताया कि यह निरंतर सहयोग केवल भौतिक संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के प्रति आत्मीयता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल परिवार ने सभी इंजीनियरों का हृदय की गहराइयों से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी इसी प्रकार स्नेह एवं सहयोग विद्यालय को मिलता रहेगा।

