देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितम्बर को आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 में कथित नकल के आरोपों की जांच के लिए विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। इस संबंध में श्री राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान की है।
गठित एसआईटी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण देहरादून श्रीमती जया बलूनी करेंगी। दल में क्षेत्राधिकारी, देहरादून अंकित कण्डारी, निरीक्षक, स्थानीय अभिसूचना इकाई लक्ष्मण सिंह नेगी, थानाध्यक्ष रायपुर देहरादून गिरीश नेगी तथा उप निरीक्षक, साईबर पुलिस स्टेशन देहरादून राजेश ध्यानी को सदस्य नामित किया गया है।
सचिव, उत्तराखंड शासन शैलेन्द्र बगोली ने आदेश जारी करते हुए बताया कि एसआईटी अध्यक्ष आवश्यकता अनुसार अन्य अधिकारियों/विशेषज्ञों का सहयोग भी ले सकेंगे। गठित एसआईटी का कार्यक्षेत्र सम्पूर्ण प्रदेश रहेगा और यह दल विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों, तथ्यों एवं सूचनाओं का परीक्षण कर एक माह के भीतर अपनी आख्या शासन को उपलब्ध कराएगा।

