नौगांव ।विकासखंड नौगांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गैर (बनाल) में विद्यार्थियों को ई-कचरे के उचित प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ई-कचरा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुराने मोबाइल, खराब चार्जर, तार, बैटरी तथा अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उत्पन्न होने वाले ई-कचरे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
छात्र-छात्राओं ने संदेश दिया कि ई-कचरे को खुले में नहीं फेंकना चाहिए और न ही जलाना चाहिए, क्योंकि इससे निकलने वाले हानिकारक रसायनों से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुँच सकता है।
कार्यक्रम अधिकारी शम्भू प्रसाद डिमरी ने बताया कि ई-कचरे को सामान्य कचरे से अलग एकत्र कर उसे अधिकृत संग्रह केंद्रों या रिसाइक्लर तक पहुँचाना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों ने पोस्टर और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज को जिम्मेदार ई-कचरा प्रबंधन अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना तथा उन्हें अपने परिवार और समुदाय में स्वच्छता एवं संरक्षण का संदेशवाहक बनाना है।
कार्यक्रम में शिक्षक शम्भू प्रसाद डिमरी, बुद्धि प्रकाश, अतुल चमोली,निशा चौहान सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

