वीडियो के लिए लिंक क्लिक करें
https://www.facebook.com/share/v/1GsscF5jg7/
बड़कोट उत्तरकाशी।
नगर पालिका बड़कोट के वार्ड संख्या-6 स्थित आईटीआई रोड पर एक दो मंजिला भवन में जहरीला सांप दिखाई देने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। भवन में रह रहे परिवारों समेत आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बड़ी सूझबूझ एवं सतर्कता के साथ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आसपास के करीब आधा दर्जन परिवारों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-6 निवासी पूरन सिंह पंवार के दो मंजिला भवन में लगभग एक हाथ लंबा जहरीला सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही भवन में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने पहले अपने स्तर पर सांप को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह सुरक्षित स्थान पर छिपा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। वन दरोगा हरीश रावत के नेतृत्व में अंकित चौहान, नरेश चौहान और मोहन सिंह ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई और क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग की तत्परता और टीम की कार्यकुशलता की सराहना की। नगर क्षेत्रवासियों के साथ ही जय हो ग्रुप के संयोजक सुनील थपलियाल, व्यापारी पूरन सिंह पंवार, कमेश रावत, विजय सिंह रावत सहित अन्य नागरिकों ने वन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पहुंचकर टीम ने बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया।
अपर युमना वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी रविन्द्र पुंडीर ने बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ने की बात कहते हुए नागरिकों से सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न कर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।

