बड़कोट/यमुनोत्री धाम। देवभूमि उत्तराखंड में तप और अध्यात्म के प्रथम पड़ाव यमुनोत्री धाम में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा कालिंदी मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का उत्सव है। योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की वैज्ञानिक पद्धति है। आज योग भारत की सीमाओं को पार कर वैश्विक स्वरूप धारण कर चुका है और विश्व समुदाय इसकी शक्ति को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग को विश्व पटल पर स्थापित करने का श्रेय भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, असंतुलित जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। देवभूमि उत्तराखंड में योग का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां की संस्कृति, प्राकृतिक परिवेश और आध्यात्मिक परंपराएं योग के मूल भाव को और अधिक सशक्त बनाती हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला प्रभारी उत्तरकाशी एवं प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यमुनोत्री धाम मंदिर समिति एवं पूज्य पंडा समाज के सदस्यों तथा यमुनोत्री धाम के रावल आशीष उनियाल ने की।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रणवीर राणा, मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल, ज्योति प्रसाद उनियाल, मनोहर उनियाल, पवन उनियाल, खिलानंद उनियाल, सुंदर उनियाल, नितिन उनियाल, डॉ. विनोद धोनी, नीलम उनियाल, धनंजय भंडारी, संदीप चौहान, कुलदीप रावत, मंडल अध्यक्ष प्रवीण असवाल, महामंत्री रामकुमार डिमरी, राणा प्रधान नवीन चौहान, पंकज रावत, महावीर पंवार, सोवत राणा, जयदेव राणा, सूरज नौटियाल सहित मंदिर समिति, पंडा समाज एवं भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

