बड़कोट (उत्तरकाशी)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली बड़कोट के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री की मौजूदगी में आयोजित जवानों की वीरता, साहस और राष्ट्रसेवा की गौरवगाथा पर आधारित भव्य कार्यक्रम का स्लाइड शो के माध्यम से प्रसारण किया गया। कार्यक्रम को कोतवाली के पुलिस कर्मियों के साथ नगरवासियों ने भी देखा और जवानों के अदम्य साहस तथा देश के प्रति उनके समर्पण को करीब से जाना।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के संकल्प को दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस मौके पर पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों को देश की आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के योगदान, उनके संघर्ष और वीरता से जुड़ी गाथाओं से रूबरू कराया गया।
सीओ चंचल शर्मा ने बताया कि देश को नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती से मुक्त करने की दिशा में सुरक्षा बलों के जवानों ने साहस, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जवानों के त्याग और बलिदान के कारण देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा बलों के योगदान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के महत्व की जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के साथ ही राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया। इस मौके सभी उपनिरीक्षक ,पुलिस कर्मी व नगर के आधा दर्जन लोग मौजूद थे।

