बड़कोट (उत्तरकाशी)। सीमांत क्षेत्र रवांई के लिए यह बेहद गर्व और हर्ष का विषय है कि बाल शिक्षा सदन स्कूल, बड़कोट के पूर्व छात्र एवं ग्राम पौंटी निवासी अभिषेक रौन्टा ने राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अभिषेक ने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 12,400 हासिल कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें एम्स (AIIMS), बिलासपुर में एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है।
अभिषेक रौन्टा ग्राम पौंटी निवासी विनोद रौन्टा के पुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं विद्यालय, गांव और पूरे क्षेत्र में भी उत्साह और गर्व की लहर है। अभिषेक की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, लगन, निरंतर अध्ययन और परिवार के सहयोग का परिणाम माना जा रहा है।
बाल शिक्षा सदन स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों ने अभिषेक की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय परिवार ने कहा कि संस्थान के पूर्व छात्र का देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स बिलासपुर में चयन होना पूरे विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता विद्यालय में अध्ययनरत अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और ग्रामवासियों में चाचा चमन रौंटा , सुमन, प्रबन्धक श्रीमती ऊषा थपलियाल, व्यवस्थापक सुनील थपलियाल, प्रधानचार्य कमेश शाह आदि ने अभिषेक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वह भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
अभिषेक की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ की प्रतिभाएं कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

