बड़कोट। रवाई रेंज में वन विभाग की गश्ती टीम ने गत रात्रि गडोली-पौंटी मोटर मार्ग पर देवदार की लकड़ी से बने 49 दरवाजे, खिड़की और रोशनदान के पल्लों से लदी पिकअप पकड़ी। बरामद लकड़ी का बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये आंका गया है। गश्ती दल को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वन विभाग के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल के निर्देशन और उपप्रभागीय वनाधिकारी साधु लाल पलियाल के मार्गदर्शन में वन अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान बिगराड़ी बीट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सराड़ी के समीप रात करीब दो बजे गडोली से पौंटी पुल की ओर आ रही पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। तलाशी में देवदार के 49 पल्ले मिले, जिन्हें वाहन समेत कब्जे में ले लिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी आशीष नौटियाल ने बताया कि संबंधित चालक के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर वाहन सीज कर दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा जयवीर राणा और सतीश रावत, वन बीट अधिकारी संदीप उनियाल, अंकित राणा और अजीत सिंह चौहान, बीट सहायक यशवंत सिंह रावत तथा वाहन चालक राजवीर शामिल रहे।

