नौगांव ।विश्व प्रसिद्ध बाबा बौखनाग देवता के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए देहरादून के सारथी विहार में आयोजित भव्य मेले में हजारों श्रद्धालुओं और भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में राज्य सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा बौखनाग देवता की दिव्य डोली के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा बौखनाग देवता को श्रीफल, चुनरी और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री श्याम डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने बाबा बौखनाग देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बौखनाग देवता मंदिर समिति ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपते हुए बौखनाग टिब्बा को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग की। इस पर पर्यटन मंत्री ने घोषणा की कि बौखनाग टिब्बा को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उनकी इस घोषणा का श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
भाजपा युवा मोर्चा महिला प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि बाबा बौखनाग देवता के देहरादून आगमन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि बौखनाग टिब्बा को एक विकसित धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने के लिए सरकार के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मेले के समापन अवसर पर रुचि भट्ट के निवास स्थान पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें लोक कलाकारों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अंत में श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाओं और पारंपरिक सम्मान के साथ बाबा बौखनाग देवता की दिव्य डोली को भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्य मंत्री श्याम डोभाल, भाजपा युवा मोर्चा महिला प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, बौखनाग देवता समिति के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह रावत, देव माली संजय प्रसाद डिमरी, यशवंत सिंह रावत, मुंशी राम डिमरी, धर्मानंद डिमरी, भगवत प्रसाद, गोलू डोभाल, कमल दास, विनोद सिंह, मनमोहन सिंह पंवार, सोबेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त उपस्थित रहे।

