उत्तरकाशी ब्यूरो।
विद्युत वितरण खण्ड बड़कोट में तैनात अधिशासी अभियंता पर विभागीय नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अधिशासी अभियंता धर्मवीर सिंह ने अपने ही डिवीजन क्षेत्र मोरी में अपनी पत्नी श्रीमती श्रद्धा के नाम पर मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत सोलर प्लांट स्वीकृत करवाकर विभागीय अनुबंध कर लिया। मामले के सामने आने के बाद जनपद में इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और बेरोजगार मूल निवासियों के अधिकारों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का उद्देश्य प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापित करने पर सरकार की ओर से लाखों रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। आरोप है कि बड़कोट विद्युत वितरण खण्ड में तैनात अधिशासी अभियंता ने अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल करते हुए अपनी पत्नी के नाम योजना का लाभ ले लिया, जबकि योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
मामले को लेकर “बड़कोट जय हो ग्रुप” ने कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रुप का कहना है कि ड्राइंग पावर रखने वाले एक अ श्रेणी अधिकारी द्वारा अपनी पत्नी को बेरोजगार दिखाकर योजना का लाभ लेना सरकार की मंशा और छवि दोनों को नुकसान पहुंचाने वाला है। ग्रुप ने मुख्यमंत्री और ऊर्जा सचिव को ज्ञापन भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रुप के सदस्यों का कहना है कि जब प्रदेश में हजारों बेरोजगार युवा स्वरोजगार योजनाओं का इंतजार कर रहे हैं, तब विभागीय अधिकारी खुद ही योजनाओं का लाभ उठाने लगेंगे तो वास्तविक जरूरतमंदों का हक मारा जाएगा। उन्होंने इसे सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग का गंभीर मामला बताया है।
इधर, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता युद्धवीर तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का लाभ मूल रूप से बेरोजगारों के लिए है और योजना के नाम से ही इसका उद्देश्य स्पष्ट होता है। उन्होंने कहा कि यदि अधिशासी अभियंता द्वारा अपनी पत्नी के नाम योजना का लाभ लिया गया है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
ज्ञापन में मोहित,मदन ,सोबन सिंह, प्रदीप, अजय रावत, सुनील थपलियाल, रविन्द्र, महिताब, मनमोहन सिंह, संजय सिंह, जय सिंह सहित दर्जनों लोगों के हस्ताक्षर शामिल हैं।
टीम यमुनोत्री Express

