बड़कोट।तहसील क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत बसराली में शनिवार देर रात एक आवासीय भवन में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग की इस भीषण घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बसराली निवासी जसपाल सिंह राणा के आवास में देर रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अंदर रखा रजाई-गद्दे, कपड़े, बर्तन, आवश्यक घरेलू सामान सहित सोना-चांदी भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे में परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए सामूहिक प्रयास से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से आग को अन्य मकानों तक फैलने से समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बड़कोट तहसील प्रशासन को सूचना देते हुए आर्थिक सहायता एवं मुआवजे की मांग की है। पीड़ित जसपाल सिंह राणा का कहना है कि आग में घर का लगभग सारा सामान जल गया है और परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
इधर, घटना की पुष्टि करते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार को राजस्व टीम के साथ मौके पर भेज दिया गया है। नुकसान का आकलन कर जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत एवं सहायता प्रदान की जाएगी।

