नौगांव । मत्स्य विभाग की तरफ से एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग कार्यक्रम नौगांव के मुलाणा में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ ब्लाक प्रमुख सरोज पंवार और जिला पंचायत सदस्य विजय बधानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया और जागृति पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम में सहायक मत्स्य निदेशक नितिश कुमार ने जानकारी दी कि एंग्लिंग कांटे और रॉड से मछली पकड़ने की कला है, जिसमें मछली को मारना नहीं बल्कि पकड़कर मापकर फिर सुरक्षित नदी में छोड़ना होता है, इसे कैच एंड रिलीज कहते हैं। उन्होंने बताया कि यमुना में मुख्य रूप से महाशीर, ट्राउट, असला, गोयल और रोहू पाई जाती हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य एंग्लिंग के माध्यम से मछलियों का संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करना था। ब्लीचिंग पाउडर, डायनामाइट, करंट और जहर से मछली मारना गैरकानूनी है।
एंग्लिंग प्रतियोगिता में विद्यालाल सौली प्रथम।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित एंग्लिंग प्रतियोगिता में विद्यालाल सौली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान पर राकेश पंवार और तृतीय स्थान पर शुभम सोलंकी रहे। तीनों विजेताओं को विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया गया।

