उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रेकर्स और स्थानीय गाइड की तलाश में चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में बुधवार को दो और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि अभी भी चार लोग लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए दुर्गम केदारताल क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सर्चिंग अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों को दो और लोगों के शव मिले। इससे पूर्व दो शव बरामद किए जा चुके थे। इस प्रकार अब तक कुल आठ लापता लोगों में से चार के शव बरामद हो चुके हैं। रेस्क्यू टीमों ने बरामद चारों शवों को हेलीकॉप्टर की सहायता से मातली हेलीपैड पहुंचाया। यहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है।
उधर, केदारताल क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई और दुर्गम रास्तों के बावजूद बचाव दलों का अभियान जारी है। सर्च ऑपरेशन में जुटी टीमों के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री, रसद और अन्य जरूरी संसाधन हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड से केदारताल क्षेत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि अभियान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ, पूर्ति विभाग और आईटीबीपी की टीमें आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन द्वारा अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा, आवश्यक संसाधनों और रसद आपूर्ति की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
चार लोगों के शव बरामद होने के बाद अब शेष चार लापता लोगों की तलाश पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

