देहरादून। जी.आर.डी.एकेडमी निरंजनपुर देहरादून की सीनियर कॉर्डिनेटर स्वाति भंडारी ने बुधवार को साईअं सृजन पटल द्वारा स्थापित बुक बैंक को काॅमर्स स्ट्रीम की 48 पुस्तकें भेंट की। इन पुस्तकों में एकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकनॉमिक्स, इन्सुरेन्श और फाइनेंस से संबंधित अत्यंत उपयोगी पुस्तकें सम्मिलित हैं। स्वाति भंडारी ने पुस्तकें भेंट करते हुए कहा कि उत्तरकाशी निवासी स्वर्गीय साईं दास तलवाड़ उनके नाना थे। उनके नाम से स्थापित साईं सृजन पटल के बुक बैंक को पुस्तकें भेंट करते हुए उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह उनके समाजसेवी व्यक्तित्व के लिए विनम्र श्रद्धांजलि भी है। बुक बैंक के संस्थापक सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो.के.एल. तलवाड़ ने बताया कि ‘पुस्तक भेंट – सर्वश्रेष्ठ’ अभियान के अंतर्गत इसी वर्ष 15 अगस्त से अभी तक विभिन्न विषयों की 300 से अधिक पुस्तकें बुक बैंक में जमा हो चुकी हैं। पढ़ाई में रुचि रखने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को यह पुस्तकें निशुल्क दी जा रही हैं। दो अक्टूबर को डोईवाला महाविद्यालय से पुस्तक भेंट की विधिवत शुरुआत हो चुकी है। उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि इस अभियान से अनेक शिक्षाविद जुड़ रहे हैं। पुस्तक भेंट कार्यक्रम में स्वर्गीय साईं दास तलवाड़ की पुत्री सुदेश भंडारी,अध्यापक नीरज कोहली, पूजा भंडारी,नीलम तलवाड़ और जय सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

