उत्तरकाशी। साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में चयनित अधिकारियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय एवं मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित किया तथा आत्मीय संवाद कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चयनित अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा, “सिविल सेवा मात्र एक पद नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से चयनित इन युवा अधिकारियों ने अपनी कड़ी मेहनत से जिले का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये सभी अधिकारी राज्य के विकास और सुशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया और नवचयनित अधिकारियों से सीधा संवाद किया। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने के तरीकों और सही रणनीति को लेकर अनेक प्रश्न पूछे।
नवचयनित अधिकारियों ने सहजता से सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने अपने संघर्ष के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि निरंतरता, धैर्य और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय अपनी कमियों को सुधारना जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी सहित सभी चयनित अधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में नवचयनित पीसीएस अधिकारी आशुतोष नौटियाल, प्रकृति नेगी, अंबरीश प्रसाद, आशुतोष राणा, गौरव मैठाणी, आयुष बधानी, देवाशीष जगूड़ी, राखी भंडारी, राजेश परमार, शुभम शाह, अपूर्वा थपलियाल आदि उपस्थित रहे।

