सुनील थपलियाल
बड़कोट (उत्तरकाशी) |
दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत बड़कोट से 35 वरिष्ठ नागरिकों का एक दल बद्रीनाथ धाम तीर्थाटन के लिए रवाना हुआ। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग व गढ़वाल मण्डल विकास निगम की इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना और उनके लिए तीर्थयात्रा को सुगम बनाना है।
तीर्थाटन पर रवाना हुए दल में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। योजना के तहत बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा का अवसर मिलने से उनमें उत्साह देखने को मिला। दल के सदस्यों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़कोट तहसीलदार रेनू सैनी एवं जी एम वी एन प्रबन्धक उपेंद्र चौहान ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंचाने के लिए सरकार की यह योजना महत्वपूर्ण है। इससे बुजुर्गों को तीर्थाटन का अवसर मिलने के साथ ही सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलता है।
दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल क्षेत्र के बुजुर्गों के लिए लाभकारी मानी जा रही है। बड़कोट से हरिद्वार रवाना हुआ यह दल धार्मिक यात्रा के दौरान विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन करेगा।

