बड़कोट।गांधी जयंती एवं वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट की ओर से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतिम दिवस पर गंगानी कुंड के निकटवर्ती क्षेत्र में जागरूकता गोष्ठी, पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एनडीआरएफ के जवानों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और राजकीय जूनियर हाईस्कूल गंगानी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के महत्व पर अपने विचार रखे। प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल ने वन्यजीवों के महत्व को आध्यात्मिकता से जोड़ते हुए कहा कि वन्यजीव प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके संरक्षण के बिना पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना संभव नहीं है। उन्होंने मानव जीवन में वन्यजीवों की भूमिका तथा उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उप प्रभागीय वनाधिकारी साधुलाल ने मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व पर चर्चा करते हुए वन विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों एवं प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
एनडीआरएफ के उपनिरीक्षक राजकुमार ने भी लोगों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनने तथा उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
गोष्ठी के बाद गंगानी कुंड के निकटवर्ती परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात वन विभाग, एनडीआरएफ जवानों, विद्यार्थियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान क्षेत्र में फैली गाजर घास का उन्मूलन किया गया तथा प्लास्टिक सहित अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर परिसर को स्वच्छ बनाया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम ने स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों के बीच प्रकृति, वन्यजीव और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी साधुलाल, वन क्षेत्राधिकारी रवांई आशीष नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी कुथनौर रूपमोहन नौटियाल, उप वन क्षेत्राधिकारी मोहब्बत सिंह चौहान, एनडीआरएफ के उपनिरीक्षक राजकुमार एवं उनकी टीम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

