उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित ग्राम छेणद तथा खालसी–संकराल–जोगत मोटर मार्ग का राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को राहत, सुरक्षा एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने भूस्खलन से प्रभावित स्थलों का विस्तृत अवलोकन किया और अधिकारियों को सुरक्षात्मक एवं उपचारात्मक कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण से पहले गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में ब्रेस्ट वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि जिलाधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। वहीं मोटर मार्ग निर्माण कार्यों के लिए ₹22 लाख की धनराशि उपलब्ध है तथा सड़क कटिंग के लिए ₹99 लाख की स्वीकृति भी शासन से प्राप्त हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
राज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने हाल ही में देहरादून में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर छेणद गांव में सुरक्षात्मक कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने का अनुरोध किया था। साथ ही प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा से भी आवश्यक धनराशि स्वीकृत कराने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
स्थलीय निरीक्षण के बाद उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। खालसी में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि मोटर मार्ग निर्माण के दौरान मलबे से प्रभावित होने वाले किसानों के खेतों का उचित प्रतिकर (मुआवजा) दिया जाएगा। इसके लिए प्रभावित स्थलों का मौके पर चिन्हीकरण भी किया गया है।
राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि विस्थापित परिवारों को अस्थायी आवास के लिए ₹4000 प्रतिमाह किराया सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी आपदा प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं निर्देशानुसार सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार की सुरक्षा, पुनर्वास एवं हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में सभी सुरक्षात्मक एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चिन्यालीसौड़ श्री शनिदयाल, तहसीलदार चिन्यालीसौड़, जल निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, प्रधान खालसी श्री कुंवर सिंह कखवाड़ी, ग्राम प्रधान छेणद श्रीमती सोनिका देवी, श्री प्रवीण कुमार, श्री दिवान सिंह, श्री खुशाल सिंह, श्री उधम सिंह पंवार, श्री मोहन लाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

