उत्तरकाशी।स्कूली बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ न हो और सफर सुरक्षित बने, इसके लिए उत्तरकाशी में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान स्कूल बसों सहित कुल 18 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर 16 से 22 नवंबर तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत टीम ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों के साथ फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभियान में परिवहन विभाग की ओर से आरटीओ सुमन नौटियाल, दीवान सिंह, गणेश सिंह, विक्रमा एवं चालक परमेश्वर नौटियाल शामिल रहे। यातायात पुलिस की ओर से निरीक्षक सुनील कुमार, राजेश उनियाल और होमगार्ड मनमोहन ने कार्रवाई की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी राजेश रतूड़ी ने लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
चालान के साथ दी सुरक्षा की सीख।
संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों की जिंदगी के लिए भी खतरा बन सकती है।
टीम ने चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही बच्चों को बैठाने, आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क पर सुरक्षित सफर की जिम्मेदारी का एहसास कराना भी है।

