नौगांव । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बजलाड़ी में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। प्रधानाचार्य सहित चार शिक्षकों के पदों के सापेक्ष वर्तमान में मात्र दो शिक्षक ही तैनात हैं।
विद्यालय में पिछले एक माह से विद्युत आपूर्ति भी ठप पड़ी है, जिससे डिजिटल पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रभारी प्रधानाध्यापक बर्फिया लाल केशवानी पिछले सप्ताह पांच दिन गणित प्रशिक्षण में रहे, एक दिन विद्यालय आए और अब जनगणना प्रशिक्षण के लिए बड़कोट गए हुए हैं।
ऐसे में पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी अकेली शिक्षिका सरिता रावत पर है, जो कक्षा 6, 7 और 8 के 36 छात्र-छात्राओं को एक ही कक्ष में बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं।
मामले को लेकर अभिभावक संघ के लोग शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो पा रही है।
एसएमसी अध्यक्ष बलदेव सिंह राणा ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बजलाडी़ शिक्षकों की कमी से जूझ रहा और शिक्षा विभाग सुनवाई नहीं कर रहा जिसको लेकर स्थानीय निवासी और अभिभावक बहुत बार अधिकारियों से मुलाकात के बाद भी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होना शिक्षा व्यवस्था प्रभावित करना है।

