बड़कोट (उत्तरकाशी)। युवा कल्याण विभाग के सौजन्य से बड़कोट में लोक संस्कृति पर आधारित ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में क्षेत्र के ग्रामीण युवा मंगल दलों और महिला मंगल दलों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक गीत, पारंपरिक लोक नृत्य ,एकांकी, चित्रकला एवं कविता का प्रदर्शन किया। वही विधायक चैम्पियन ट्रॉफी के विजेता न्याय पंचायत बड़ेथी को एक लाख का चेक दिया गया।
युवा महोत्सव का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और तहसीलदार रेनू सैनी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिथियों ने लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
महोत्सव के अंतर्गत लोकगीत, लोकनृत्य, एकांकी,चित्रकला व कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ग्रामीण युवा मंगल दलों और महिला मंगल दलों की प्रतिभागी टीमों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाजों और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत की। लोकगीतों की मधुर धुनों और पारंपरिक लोकनृत्यों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण बनाया।
एकांकी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अभिनय के माध्यम से विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रदर्शित किया।
युवा महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को अपनी लोक परंपराओं के प्रति जागरूक करना और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना रहा। आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों से लोक संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने और ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को निखारने में मदद मिलती है। इस मौके पर युवा मंगल दल जिलाध्यक्ष आज़ाद डिमरी, पृथ्वीपाल सिंह रावत,युवा कल्याण ब्लॉक अधिकारी लोकेंद्र नेगी, स्टेक्टर सिद्धि भट्ट, निर्णायक विजय डोभाल,अरविंद रावत,रूबी गौतम,नरेश रावत,अवतार सिंह चौहान, जनक रावत, गोविंद राणा,प्रकाश चौहान ,बचन रौंटा आदि मौजूद थे।

