नौगांव । अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट की मुंगरसंति रेंज अंतर्गत तियां बीट के दामणी तोक में शुक्रवार को जंगली भालू के हमले में ग्राम कफनौल निवासी रणबीर सिंह पुत्र मेंढक सिंह घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रभागीय वनाधिकारी एवं उप-प्रभागीय वनाधिकारी के दिशा-निर्देशों पर वन क्षेत्राधिकारी मुंगरसंति के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर घायल के परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। टीम ने ग्राम प्रधान, सरपंच और ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और दिन-रात की गश्त बढ़ा दी।
सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल पथ संचलन किया गया और वन्यजीवों को आबादी से दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े गए।
वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु निर्देश दिए कि अंधेरे में अकेले घर से बाहर न निकलें, घरों के आसपास रोशनी की उचित व्यवस्था रखें, झाड़ियों व घनी घास का तुरंत कटान कर दृश्यता बनाए रखें, अकेले जंगल या जंगल से सटे क्षेत्रों में जाने से बचें, हमेशा समूह में ही आवाजाही करें और किसी भी वन्यजीव की उपस्थिति या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
मामले पर रेंज अधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि क्षेत्र में जंगली जानवरों के आंतक को लेकर विभाग की तरफ से दिन रात गश्त लगाई जा रही है और दो टीमें गठित कर ग्रामीणों के साथ पूरे क्षेत्र में आवश्यक गतिविधियां की जा रही हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

