कर्णप्रयाग(चमोली। गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा माय भारत–खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माई भारत के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन एवं युवाओं के साथ संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। महाविद्यालय का Category-A के अंतर्गत चयन होने के कारण विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के साथ दो-तरफा संवाद (Two-Way Communication) से जुड़ने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ। महाविद्यालय परिवार के लिए यह एक गौरवपूर्ण अवसर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह रहे। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित तथा युवा खिलाड़ी शिवांश चमोली की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. कामना लोहनी, डॉ. महेंद्र जोशी, डॉ. चंद्रपाल, डॉ. इंद्रेश पांडेय, डॉ.मदन लाल शर्मा, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. पूनम तोमर तथा अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. नेहा तिवारी पांडेय तथा डाॅ. प्रमिला ने कार्यक्रम के आयोजन में समन्वयक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को खेल एवं फिटनेस के महत्व, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं सकारात्मक सोच का विकास करते हैं।
मुख्य अतिथि गणेश शाह ने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित ने युवाओं को सरकार की विभिन्न युवा एवं खेल संबंधी पहलों से जुड़ने का आह्वान किया। युवा खिलाड़ी शिवांश चमोली ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

