उत्तरकाशी।जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह द्वारा बड़कोट-दोबाटा से जानकीचट्टी तक विभिन्न यात्रा पड़ावों एवं सुलभ शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने डामटा, बर्नीगाड, सारीगाड, रिखाऊ खड्ड सहित विभिन्न स्थानों पर यात्रियों हेतु उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने यात्रा मार्ग में स्थापित सुलभ शौचालयों में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा सीजन के दौरान किसी भी स्थिति में यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना न करना पड़े तथा सभी व्यवस्थाएं निरंतर क्रियाशील एवं सुचारू रखी जाएं।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, संस्कृति एवं पर्यटन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अपर जिला पंचायत अधिकारी को सुलभ शौचालयों की नियमित सफाई एवं पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जानकीचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर यात्रि तीमारदारों की कुशलक्षेम भी पूछी l
उन्होंने जल संस्थान को शौचालयों में पानी की वैकल्पिक व्यवस्थाओं को नियमित रूप से कनेक्शन लेने के निर्देश दिये l
वहीं जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को सभी यात्रा पड़ावों पर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर यातायात सुगम बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत करने तथा सड़क किनारे मलबा एवं अवरोधों को तत्काल हटाने हेतु निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यात्रा मार्ग में आने वाले प्रत्येक पड़ाव पर यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, अपर जिला पंचायत अधिकारी एस०एल० आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी, खंड विकास अधिकारी मोरी, शशि भूषण वैन्जोला, अधिशासी अभियंता एन०एच० बड़कोट अंकित नौटियाल, अधिशासी अभियंता विद्युत अजय सेमवाल सहित यात्रा से जुड़े संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

