बड़कोट। यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर उस समय शोकपूर्ण माहौल बन गया जब ग्राम सभा मोल्डा से माँ भद्रकाली की उत्सव डोली के साथ चारधाम यात्रा पर निकले एक श्रद्धालु की अचानक हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डोली के साथ यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोल्डा निवासी बलबीर सिंह पुत्र जयपाल सिंह (47 वर्ष) माँ भद्रकाली की उत्सव डोली के पलगेर (डोली वाहक) के रूप में चारधाम यात्रा में शामिल थे। यमुनोत्री धाम की ओर जाते समय राम मंदिर से आगे नौ कैंची के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं और एसडीआरएफ कर्मियों ने तत्काल उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने का प्रयास किया। चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच शोक और मायूसी छा गई। माँ भद्रकाली की डोली के साथ जुड़े श्रद्धालुओं ने बलबीर सिंह को एक धार्मिक और सेवाभावी व्यक्तित्व बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बलबीर सिंह लंबे समय से धार्मिक आयोजनों और देव परंपराओं से जुड़े हुए थे। उनकी अचानक मृत्यु की खबर मिलते ही मोल्डा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी दी गई है। श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

