उत्तरकाशी ।जनपद के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तरकाशी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए सहयोग का हाथ बढ़ाया है। संघ की ओर से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹6,19,435 (छः लाख उन्नीस हजार चार सौ पैंतीस रुपये) की धनराशि का चेक जिलाधिकारी उत्तरकाशी को सौंपा गया।
इस अवसर पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि धराली क्षेत्र में आई आपदा ने जन-जीवन को गहरे स्तर पर प्रभावित किया है। कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, ऐसे कठिन समय में प्राथमिक शिक्षक संघ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा है। संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सहायता केवल एक शुरुआत है और आने वाले समय में, आवश्यकता के अनुसार, और अधिक धनराशि एकत्र कर मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों और कर्मचारियों का इस प्रकार आगे आना आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में बड़ा सहारा बनता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत कोष में प्राप्त धनराशि का उपयोग प्रभावित परिवारों की सहायता और पुनर्वास कार्यों में किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के इस प्रयास से न केवल पीड़ितों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि समाज में आपदा के समय एकजुटता और सहयोग की भावना भी मजबूत होगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान,संगठन के संरक्षक उदय बिष्ट जी, अध्यक्ष जयदेव राणा , मंत्री जनक बिष्ट , कोषाध्यक्ष विजेंद्र पंवार , वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चौहान , उपाध्यक्ष श्रीराम बिष्ट ,लेखाकार आनंद सिंह नेगी , संगठन मंत्री ओम प्रकाश ,नौगांव विकासखंड के अध्यक्ष विजेंद्र विश्वकर्मा , डुंडा के अध्यक्ष सतीश रमोला , चिन्यालीसौड़ के मंत्री श्री बडोनी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे ।
टीम यमुनोत्री Express

