बड़कोट (उत्तरकाशी)।
थाना बड़कोट पुलिस भले ही कुछ नशा तस्करों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में नशेड़ियों का हुड़दंग कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बताया जा रहा है कि नगर की कुछ दुकानों में “नशा पुड़िया” के नाम से खुलेआम परोसा जा रहा है, जिससे युवाओं में नशे की लत तेजी से फैल रही है।
नगर के हेलीपैड, वार्ड नंबर 4 के निचले हिस्से समेत कई स्थलों पर शाम ढलते ही नशेड़ियों के झुंड जमा होकर हुड़दंग मचाते दिखाई देते हैं। इनकी हरकतों से नगरवासियों का सुख-चैन छिन गया है। स्थानीय निवासी श्रीमती सुमन चौहान, आशीष सिंह, कपिल सिंह, दयाराम और विवेक का कहना है कि बड़कोट में सूखा नशा (स्मैक व अन्य पदार्थ) का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। गली-मोहल्लों में आम लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
हेलीपैड और वार्ड नंबर 4 के निचले हिस्से में देर रात तक शोर-शराबा और हुड़दंग मचा रहता है। नगरवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बड़कोट का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों सहित नशेड़ियों पर नकेल कसने के साथ ही पुलिस रात के समय चिन्हित स्थलों पर गश्त और चेकिंग अभियान भी तेज करेगी।
टीम यमुनोत्री Express

