उत्तरकाशी/अरविन्द थपलियाल।उत्तरकाशी जनपद दो दिवसीय भ्रमण पर पंहुचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दौरे के पहले दिन उन्होंने भैरवघाटी (लंका) में स्नो लेपर्ड कंज़र्वेशन सेंटर का निरीक्षण किया और इसके संरक्षण व संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसके पश्चात मुखवा में माँ गंगा के शीतकालीन प्रवास में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रात्रि विश्राम के उपरांत हर्षिल से झाला पहुंचकर कोल्ड स्टोरेज का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां स्थानीय काश्तकारों से संवाद कर कोल्ड स्टोरेज के अधिकतम उपयोग एवं किसानों को इसका समुचित लाभ दिलाने के उपायों पर विचार किया गया। वहीं उपला टकनौर किसान उत्पादक संगठन (FPO) द्वारा संचालित “जेम, चटनी सेंटर” का अवलोकन किया, जहां उन्होंने स्थानीय सेब से निर्मित जैम, चटनी के उत्पादन की प्रक्रिया को देखा और संगठन के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने इस उद्यम को आगे बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत गंगनानी में पराशर ऋषि की तपस्थली पर स्थानीय नागरिकों से भेंट कर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिस पर मंत्री जी ने समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया।
दोपहर बाद उत्तरकाशी मुख्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों से भेंट कर संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने एवं जनसेवा को प्राथमिकता देने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान उनके साथ गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी. बलूनी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।

