
उत्तरकाशी प्राकृतिक आपदा से पीड़ित ग्रामीणों की मदद के लिए हंस फाउंडेशन ने बढ़ाया हाथ
आपदा पीड़ितों के लिए पहुंचायी खाद्य सामग्री
उत्तरकाशी (अमित नौटियाल)- उत्तरकाशी में प्राकृतिक आपदा से पीड़ित ग्रामीणों की मदद के लिए शासन-प्रशासन के साथ-साथ तमाम सामाजिक संगठनों ने मदद के हाथ बढ़ाए है। इस क्रम में हमेशा की तरह समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हंस फाउंडेशन भी उत्तरकाशी आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया है। फाउंडेशन ने आपदाग्रस्त क्षेत्र के ग्रामीणों तक खाद्य सामग्री पहुंचा ग्रामीणों को इस आपदा के समय में बड़ी मदद पहुंचाई है।आपको बता दें की रविवार 18 जुलाई को देर रात बादल फटने से उत्तरकाशी के मांडो,पनवाड़ी और कंकराड़ी गांव के साथ निराकोट गांव में भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, निराकोट में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। लेकिन ग्रामीणों के खेत सहित घरों को नुकसान पहुंचा है। गांव में बादल फटने की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई,4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बादल फटने के बाद से इस क्षेत्र के सड़क मार्ग बंद हो गए। जिससे इन गांव तक पहुंचने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हंस फाउंडेशन की सदस्यों मनोज राणा,दीपक जोशी,नीरज पंवार,अमन,अंकित,जितेन्द्र, सतेन्द्र,राजपाल,अमित,राघवेन्द्र ने मंगलवार को लगातार हो रही भारी बारिश के बीच आपदा पीड़ितों तक खाद्य सामग्री पहुंचा,आपदा पीड़ित परिवारों का बड़ी राहत दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया की उत्तराकाशी के मांडो,कंकराड़ी,पनवाड़ी और निराकोट गांव में रविवार रात बादल फटने की घटना से ग्रामीण का काफी नुकासन हुआ है। हम इस नुकासन का आकलन कर रहे है। इस बीच प्रभावित लोगों को तत्काल मदद के तौर पर जो भी सहयोग चाहिए वह किया जा रहा है। आपदा प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए तमाम सामाजिक संगठन भी आगे आए है। इस क्रम हंस फाउंडेशन की तरफ से आपदा पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंची है। जिसे आपदा प्रभावित ग्रामीणों को वितरित किया गया है।
टीम यमुनोत्री एक्सप्रेस

