नौगांव । शनिवार को कांग्रेस चकराता विधायक और विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रितम सिंह चौहान की अगुवाई में न्याय यात्रा निकाली गई और विभिन्न समस्याओं को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य बाजार से होकर न्याय यात्रा निकाली और मुख्य चौराहे पर जन सभा आयोजित हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, महंगाई पर रोक लगाने और युवाओं को रोजगार देने की मांग की। सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए प्रितम सिंह चौहान ने कहा कि राज्य और केंद्र की सरकार संविधान की हत्या कर रही है और समूचे देश में डर का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अहंकार में डूबी हुई है, जिससे उनको जनता की समस्याओं की कोई फिक्र नहीं है। सरकार जनता की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का काम कर रही है। चौहान ने कहा कि आज देश में बोलने वालों को डराया जा रहा है, सवाल पूछने वालों को दबाया जा रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को कुचलने की कोशिश हो रही है, जो संविधान की भावना के खिलाफ है। संविधान ने हर नागरिक को बोलने, लिखने और अपनी मांग रखने का अधिकार दिया है, लेकिन सरकार उस अधिकार को छीनने पर तुली है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के दुख-दर्द से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर सरकार चुप है, लेकिन अपनी सत्ता बचाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। चौहान ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है। कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए और जनता के हक के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ती रहेगी। अंकिता भंडारी मामले पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने में विफल रही है और दूसरे मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। अंकिता भंडारी मामले में सरकार की कार्यशैली से जनता में आक्रोश है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला और पुरोला विधानसभा प्रभारी मनीष राणा ने भी अपनी बात रखी और सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। महंगाई पर बोलते हुए नेताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीना मुश्किल हो गया है। बेरोजगारी के मुद्दे पर नेताओं ने कहा कि प्रदेश के पढ़े-लिखे युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं। भर्ती घोटालों और पेपर लीक ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। सरकार युवाओं को रोजगार देने के वादे पर खरी नहीं उतरी। विकास के मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नौगांव सहित पूरे क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और संचार की स्थिति दयनीय है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। अस्पतालों में डॉक्टर और दवाइयों की कमी है, स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। इन्हीं सभी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। लोगों ने हस्ताक्षर कर महंगाई, बेरोजगारी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की यह न्याय यात्रा जनता की आवाज है। कांग्रेस जनता के हक के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ती रहेगी। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। न्याय यात्रा में कांग्रेस विधानसभा प्रभारी मनीष राणा, कार्यक्रम संयोजक सचिन कुमार,पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला, जिला प्रभारी नीरज त्यागी,जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, ब्लाक अध्यक्ष चंद्रमोहन पंवार, ,हरिमोहन जुंवाठा, प्रकाश चंद्र,प्रकाश डबराल,हरिमोहन नेगी, विजयपाल रावत, संग्राम सिंह पुंडीर,जबर सिंह, बासुदेव डिमरी, रणवीर रावत, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, पवन पंवार, श्याम सिंह राणा, सहित सैकड़ों कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

