पुरोला। वोट बचाओ अभियान के तहत पुरोला में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नाकामियों और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को पहाड़ की बहू-बेटियों के सम्मान से जुड़ा बताते हुए कहा कि इस लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड में कथित वीआईपी को इनाम स्वरूप प्रोन्नति दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार 15-15 लाख खाते में डालने, दो करोड़ रोजगार देने, महिला सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने जैसे वादों पर विफल रही है।
पर्यवेक्षक अमित सिहाग, विधानसभा प्रभारी नीरज त्यागी और सह प्रभारी मनीष राणा ने कहा कि देवभूमि में अंकिता प्रकरण और पेपर लीक ने प्रदेश को शर्मसार किया है और युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं।
कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा की नाकामियों, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने और आपसी मतभेद भुलाकर चुनाव की तैयारी में जुटने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष बिहार लाल शाह, पूर्व अध्यक्ष हरिमोहन सिंह नेगी, हरिमोहन जुंवाठा,कवींद्र असवाल, धीरेंद्र नेगी, रेखा जोशी, जगवीर रावत, लोकेंद्र रावत, राजपाल रावत, प्रहलाद रावत, दीवान सिंह, सचिन कुमार, प्रकाश डबराल,सहित पुरोला, नौगांव व मोरी क्षेत्र के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

