बड़कोट। राजकीय महाविद्यालय टटाऊ, बड़कोट में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बड़े धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विनोद कुमार ने महाविद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 17 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
समाजशास्त्र विभाग की डॉ. संगीता रावत द्वारा स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह रावत की स्मृति में दी जाने वाली छात्रवृत्ति के अंतर्गत खुशबू डिमरी एवं कंचन बाला को सम्मानित किया गया। वहीं कुमारी अंजली रावत को राष्ट्रीय स्तर के आरडीसी में प्रतिभाग करने, काजल व अंजली को एनएसएस राष्ट्रीय शिविर में सहभागिता, आरती रावत को एनएसएस बेस्ट वॉलिंटियर अवॉर्ड तथा ऋतेश कुमार को बेस्ट स्पोर्ट्स चैंपियनशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागीय परिषदों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साइबर अपराध जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। लोकगायक राज सावन ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा।
इस मौके पर मुख्यातिथि विधायक संजय डोभाल ने महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए महाविद्यालय के विकास और आधारभूत सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजवीन पंवार, आईटीआई प्रधानाचार्य एचपी सेमवाल, पीटीए संघ अध्यक्ष जगवीर जयाड़ा, सरदार सिंह राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेन्द्र जयाड़ा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

