बड़कोट उत्तरकाशी।
जनपद की कानून-व्यवस्था और आगामी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कोतवाली बड़कोट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, मालखाने, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था और लंबित मामलों की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और जनसुविधाओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
यमुनोत्री यात्रा को सुगम बनाने पर जोर
जनसंवाद में होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सोबन राणा ने सुझाव दिया कि यमुनोत्री यात्रा के दौरान यात्रियों को अनावश्यक रूप से जगह-जगह रोका-टोका न जाए तथा सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए प्रशासन और पुलिस को समन्वित कार्ययोजना बनानी होगी।
नशे और फेरी प्रथा पर सख्ती की मांग
व्यापार मंडल अध्यक्ष धनवीर रावत, प्रदीप असवाल एवं ब्रह्मकुमारी बहिन ने क्षेत्र में बढ़ते स्मैक जैसे नशे पर कड़ी रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। साथ ही फेरी के नाम पर अव्यवस्था फैलाने वालों पर नियंत्रण की भी मांग उठाई गई।
इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि यात्रा सीजन के दौरान बाहर से आने वाले श्रमिकों (लेबर) का अनिवार्य सत्यापन किया जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस का आश्वासन
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आश्वस्त किया कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा तथा यात्रा सीजन में सुचारु यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस और जनता के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में इसे एक सार्थक पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जनक सिंह पंवार, कोतवाली एसएचओ सुभाष चंद, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत, अतोल रावत, धनवीर रावत, सोहन गैरोला, ललिता भंडारी, कमला जुड़ियाल, मीनाक्षी रौंटा, शैलेन्द्र चौहान, अजय रावत, अजयपाल राणा, संजय अग्रवाल, विपिन जयाड़ा,जयराज विष्ट,मनीष जयाड़ा ,महावीर पंवार,सजीव राणा, केंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

