उत्तरकाशी।
विकासनगर से लाखामंडल की ओर जा रही स्कूली बच्चों की बस पर डामटा के पास अचानक पहाड़ी से चट्टानी मलवा गिर गया। हादसे में बस चालक नरेश पैन्यूली पुत्र चैत राम पैन्यूली निवासी बरोटी वाला घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए डामटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) चौड़ीकरण का कार्य डामटा क्षेत्र में गतिमान है, इसी दौरान पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा बस संख्या UK16 PA 0039 पर गिर पड़ा। हादसे के समय बस में 27 स्कूली बच्चे सवार थे, लेकिन चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ी कटान के कारण भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने से रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं। इधर पुलिस चौकी डामटा की जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य किया और यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।

